स्याना। जनपद बुलंदशहर के तहसील स्याना के बुगरासी-स्याना रोड पर डिजायर पेड़ से जा टकराई। इसमें दो की मौत हो गई तथा एक युवक घायल हो गया। बुगरासी निवासी दो व्यक्तियों की मौत से पूरे कस्बे में शोक पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद से ही पीड़ित परिजनों से लोग मिलकर सांत्वना दे रहे हैं। दोनों मृतकों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। घायल युवक को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।
बुगरासी के मोहल्ला तकियावाला निवासी नीरज सोनी (32) पुत्र गोपाल सोनी की रेडीमेड की दुकान है। नीरज सोनी शुक्रवार रात तकरीबन साढ़े आठ बजे मोहल्ला तकियावाला निवासी लोकेश कुमार (48) तथा प्रशांत शर्मा (18) के साथ डिजायर गाड़ी से स्याना गए थे। नीरज सोनी गाड़ी चला रहे थे। वापस लौटते वक्त तकरीबन 10 बजे बुगरासी-स्याना रोड पर कार अचानक एक पेड़ से टकरा गई। भीषण टक्कर के चलते कार बुरी तरह से दुर्घनाग्रस्त हो गई। गाड़ी में पीछे लगा सीएनजी सिलेंडर भी उखड़कर आगे वाली सीट पर आ गिरा। इसमें दुर्घटना में चालक नीरज सोनी, लोकेश कुमार तथा प्रशांत शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के तत्काल बाद आसपास के लोगों ने परिजनों व पुलिस को सूचना दी। घायलों को तत्काल स्याना अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने लोकेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। नीरज सोनी की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन एम्बुलेंस से नीरज सोनी को मेरठ ले गए तथा एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। नीरज सोनी की हालत वहां भी गंभीर बनी रही तथा चिकित्सकों ने दिल्ली ले जाने की सलाह दी। परिजन तुरंत घायल को दिल्ली ले जाने तैयारी करने लगे। तभी नीरज सोनी की मौत हो गई। बुगरासी में एक साथ हुईं दो मौत से पूरे कस्बे में शोक का माहौल है। क्षेत्र भर के लोग पीड़ित परिजनों के घर पहुंच सांत्वना दे रहे हैं। शनिवार को दोनों मृतकों का भगवानपुर शमशानघाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया है। घायल प्रशांत शर्मा को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। प्रशांत शर्मा के चेहरे सहित शरीर के कई हिस्सों में चोट है।



Author: The Hindustan Times
Admin@The hindustan times