कासगंज। सोरों कोतवाली क्षेत्र में एक 14 वर्षीय किशोर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वहीं जब खेतो में काम कर रहे किसानों ने किशोर का शव पेड़ से लटका देखा तो घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है साथ ही मामले की जांच शुरु कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला उल्फत निवासी मुन्नालाल का 14 वर्षीय पुत्र चंद्रकांत का शव संदिग्ध परिस्थितियों में गांव के ही बाहर पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वहीं, ग्रामीणों ने जब किशोर चंद्रकांत का शव देखा तो इसकी जानकारी परिजनो व कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही परिजन व कोतवाली पुलिस मौके पर जा पहुंची और पुलिस ने चंद्रकांत के शव को पेड़ से नीचे उतारा। मृतक चंद्रकांत के पिता मुन्नालाल ने बताया कि गुरुवार की सुबह 11 बजे गांव में ही एक झूले वाला आया हुआ था। चंद्रकांत भी झूला झूलने की कहकर घर से निकला था। लेकिन चंद्रकांत काफी समय बाद भी घर नही लौटा। चंद्रकांत का शव घर से 600 मीटर की दूरी पर एक पेड़ पर रस्सी से लटका मिला। मृतक के पिता ने चंद्रकांत की हत्या कर शव पेड़ से लटकाने की आशंका जताई है। पुलिस ने मृतक किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, किशोर की मौत की खबर से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं घटना पर जानकारी देते हुए सोरों थाना प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या प्रतीत हो रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं परिवार की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Author: Akshit Agarwal
सीनियर एडिटर