– आरोपी के कब्जे से अवैध असलहा, कारतूस व घटना में प्रयोग बाइक बरामद
बुलंदशहर। बुलंदशहर में दो दिन पहले हुई प्रॉपर्टी डीलर की हत्या में शामिल एक आरोपी को एसओजी और कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। बीती रात थाना सिकन्द्राबाद पुलिस टीम व स्वाट टीम वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु गश्त कर रही थी। इसी दौरान गुलावठी अंडर पास फ्लाईओवर के पास प्रॉपर्टी डीलर यामीन की हत्या की घटना में प्रयुक्त बाइक पर सवार एक संदिग्ध व्यक्ति जाता हुआ दिखाई दिया। जिसको रूकने का इशारा किया गया तो वह बाइक को तेजी से भगाने लगा। पुलिस टीम द्वारा बदमाश का पीछा किया गया। नार्मल स्कूल के पास ग्राम कावरा जाने वाली सड़क पर बदमाश को घेर लिया गया। जिस पर बदमाश द्वारा अपने आपको पुलिस से घिरता देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग की गयी। पुलिस टीम द्वारा जवाबी फायरिंग में बदमाश को गोली लग गई जिससे वह घायल हो गया। उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाश की पहचान शाकिर पुत्र अब्दुल शकूर निवासी मोहल्ला कम्बूवान कस्बा व थाना जेवर जनपद गौतमबुद्ध नगर के रुप में हुई हैं। घायल बदमाश को उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं। बदमाश के कब्जे से अवैध असलहा व कारतूस व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुए हैं। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि 25 अगस्त को थाना सिकन्द्राबाद क्षेत्रान्तर्गत काजीवाड़ा निवासी प्रोपर्टी डीलर यामीन पुत्र अकबर की हत्या में आरोपी शामिल था। जिसके सम्बंध में थाना सिकन्द्राबाद पर बीएनएस पंजीकृत है, जिसमें उक्त हत्यारोपी की गिरफ्तारी हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे थे।
