स्याना। नगर के बुगरासी मार्ग स्थित एक आवासीय परिसर के पीछे बंधी बछिया का जंगली जानवर ने शिकार कर लिया। खोजबीन के बाद बछिया का क्षत विक्षत शव 50 मीटर दूर एक आम के बाग में मिला। वही, घटना के बाद से किसानों में दहशत का माहौल है। किसान तेंदुआ की आशंका से अपने खेतों पर भी जाने से हिचकिचा रहे हैं। नगर के बुगरासी मार्ग निवासी किसान नरेंद्र त्यागी ने बताया कि रविवार को उनकी बछिया उनके आवासीय परिसर के पीछे खूंटे से बंधी हुई थी। जब वह चारा देने गए तो बछिया खूंटे से गायब मिली। केवल खूंटे से रस्सी बंधी हुई थी। खोजबीन करने पर बछिया का क्षत विक्षत शव 50 मीटर दूर आम के बाग में मिला। किसान ने घटना की जानकारी वन विभाग को दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने पदचिन्हों की जांच की। वही, पूर्व में भी तहसील क्षेत्र में कई जगह तेंदुआ के होने की पुष्टि हुई थी। इस समय खेतों में गेहूं की फसल में पानी लगाने का काम चल रहा है लेकिन घटना के बाद किसानों में दहशत का माहौल है। किसान तेंदुआ के होने की आशंका से खेतों पर जाने से डर रहे हैं। वन रक्षक लोकेश ने बताया कि संभवतः किसी जंगली जानवर ने बछिया का शिकार किया है। मौके पर तेंदुआ के कोई पदचिन्ह नहीं मिले हैं।

Author: Pawan Kumar
Reporter