–सैकड़ों लोगों को वस्त्र आदि दान कर कमाया पुण्य।
–बच्चों को चिप्स, टॉफी और चॉकलेट किए वितरित।
कासगंज। कस्बा मोहनपुरा के गांव बेरी हरनामपुर में गत वर्षों की भांति मकर संक्रांति के पावन पर्व पर समाजसेवियों ने सैकड़ों महिलाओं, दिव्यांजन एवं वरिष्ठजनों को शॉल, साड़ी व वस्त्र आदि वितरित कर पुण्य लाभ कमाया। वहीं, उपस्थित सैकड़ों बच्चों को चिप्स, कुरकुरे, टॉफी और चॉकलेट के पैकेट बांटे गए। स्व.ठाकुर ख़चेर सिंह चौहान की पुण्य स्मृति में कार्यक्रम आयोजक प्रदेश अध्यक्ष यू पी जेल्स एसोसिएशन कुलदीप सिंह चौहान ने क्षेत्रीय बुजुर्ग, दिव्यांगजन एवं आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को सम्मान हेतु आमंत्रित किया। उन्होंने बताया कि इस नेक कार्य हेतु प्रेरणा उनके पूर्वजों से मिली है और प्रतिवर्ष इस परंपरा को यूं ही निभाने का प्रयत्न जारी रहेगा। मंगलवार प्रातः 11 बजे कार्यक्रम की शुरुआत स्व.ठा. खचेर सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पण एवं दीप प्रज्ज्वलनु के साथ हुई। अध्यक्षता रामकली देवी पत्नी स्व.खचेर सिंह ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किए गए रिटायर्ड प्रधानाचार्य सत्य प्रकाश मिश्र ने कहा कि सच्चे मन की गई मानव सेवा ईश्वर तक पहुंचती है और उसका प्रतिफल भी सुखद रूप में प्राप्त होता है। उन्होंने संरक्षक आर. बी.सिंह चौहान एवं सुधा चौहान तथा आयोजकों को सफल कार्यक्रम आयोजन हेतु शुभकामनाएं प्रेषित की। आयोजकों द्वारा विशिष्ट अतिथि को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अध्यक्ष केंद्रीय उपभोक्ता भंडार कासगंज नरेंद्र सिंह राणा ने परोपकारी कार्यक्रम आयोजन पर सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन सत्यपाल सिंह ने किया। इस दौरान रिटायर्ड बीएसएनअल जनरल मैनेजर अरविंद सिंह पुंढीर, केशव देव पुंढीर, शिक्षक प्रबल प्रताप सोलंकी, शिक्षक प्रशांत माहेश्वरी, शिक्षक हेमेंद्र राजपूत व तेजेंद्र सोलंकी सहित सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग, बच्चे एवं क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

Author: Akshit Agarwal
सीनियर एडिटर