कासगंज: सहावर मार्ग पर बाइक सवार दो भाइयों को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। चपेट में आने से दोनों लोग घायल हो गए जिससे दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मृतक के शव के कब्जे में लेकर जिला अस्पताल मोर्चरी पर रखवा दिया है।
थाना क्षेत्र सुन्नगड़ी के अंतर्गत आने वाले गांव नागर कंचनपुर के निवासी चचेरे-तयेरे दो भाई 50 वर्षीय राजेश यादव पुत्र बाबू राम और 30 वर्षीय हरीश चंद्र पुत्र यादराम अपने गांव से कासगंज किसी काम से आ रहे थे। सहावर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव बढ़ारी पर पेट्रोल पंप के समीप किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार दोनों भाई राजेश यादव और हरीश चंद्र बुरी तरह घायल हो गए। राहगीरों द्वारा इस हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों लोगों को एंबुलेंस द्वारा जिला अस्पताल कासगंज पर भर्ती कराया और दोनों घायलों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दी गई। जिला अस्पताल कासगंज पर चिकित्सकों द्वारा दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने दोनों लोगों के शव को अपने कब्जे में लेकर जिला अस्पताल कासगंज मोर्चरी पर रखवा दिया है ताकि मृतकों के शव का पोस्टमार्टम हो सके। अभी तक इस मामले में पुलिस को कोई तहरीर परिजनों द्वारा नही दी गई है। पुलिस द्वारा इस मामले में कार्यवाही की जा रही है।
मृतक हरीश चंद्र के भाई सुशील से मिली जानकारी के अनुसार इस हादसे में मृतक दोनों लोग किसान थे। मृतक राजेश पर चार और मृतक हरीश चंद्र पर तीन बच्चे है। दो भाइयों की मौत को देखकर पूरे गांव में मातम छाया हुआ है। वहीं, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

Author: Akshit Agarwal
सीनियर एडिटर