लखनऊ। उत्तर प्रदेश की स्याना तहसील में श्रद्धालुओं को जल्द ही एक बड़ी सुविधा मिलने वाली है। जनपद बुलंदशहर के लखावटी से तहसील।स्याना क्षेत्र के बसीबांगर गंगा घाट तक का बदहाल मार्ग अब नया रूप लेगा। राज्य सरकार ने इस मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए 16 करोड़ 42 लाख रुपए की धनराशि मंजूर कर दी है।
स्याना के विधायक देवेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि लंबे समय से यह मार्ग बेहद खराब स्थिति में था, जिससे गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। स्थानीय लोगों की मांग पर विधायक ने इस समस्या को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष रखा। मुख्यमंत्री ने तत्काल इस पर संज्ञान लेते हुए शासनादेश जारी कर दिया।

विधायक लोधी ने आगे बताया कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि स्थानीय लोगों की समस्याओं का निस्तारण और क्षेत्र का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस सड़क के निर्माण से न केवल स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा।

Author: The Hindustan Times
Admin@The hindustan times