
कासगंज। ढोलना थाना क्षेत्र के कस्बा बिलराम में रविवार की देर शाम करीब सात बजे एक मासूम बच्ची खेलते समय गर्म दूध पर गिर पड़ी। इससे गर्म दूध इसके ऊपर फैल गया। इसके चलते वह गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिलराम के मौहल्ला मंडी निवासी प्रशांत के घर में छत पर शाम को दूध गरम हो रहा था। इसी बीच उनकी मासूम पुत्री कियारा उम्र दो वर्ष छत पर दौड़ती हुई आई। अचानक उसका पैर फिसल गया और वह दूध पर जा गिरी। इससे गर्म दूध उसके ऊपर गिर गया। खोलता दूध बच्ची के ऊपर फैलने से झुलस गई और वहीं बेहोश होकर गिर पड़ी। यह देख परिजनो में चीख पुकार मच गई। छत्त पर मौजूद परिवार के सदस्य दौड़कर उसके पास पहुंचे। उसे होश में लाने के प्रयास किए गए, लेकिन उसे होश नहीं आया।
परिजन उसे आनन फानन में किसी तरह जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बालिका की मौत से परिवार में चीत्कार मच गया। मृतक के फूफा अविनाश आर्य ने बताया कि बालिका अपने परिवार में अकेली संतान है। छत पर दूध उबल रहा था। वह खेलते समय दौड़ लगा रही थी। तभी वह दूध पर गिर गई।

Author: Akshit Agarwal
सीनियर एडिटर