—दिन निकलते ही गोलियों की आवाज से गूंजा बीबी नगर क्षेत्र
–दो पक्षों के तीन लोग हुए घायल
बीबीनगर। थाना क्षेत्र के गांव खरकाली में रास्ते से निकलने पर हुए विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सीओ दिलीप सिंह भारी पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार बीबीनगर थाना क्षेत्र के गांव खरकाली के गौरव पुत्र प्रमोद त्यागी व सौरभ पुत्र प्रमोद त्यागी दोनों भाई ट्रैक्टर ट्राली लेकर धान की फसल भरकर बचने के लिए मंडी ले जा रहे थे। आरोप लगाते हुए बताया कि गांव के ही दूसरे पक्ष के उपेन्द्र पुत्र रौहताश त्यागी ने गांव में ही रास्ते से गुजरने को लेकर विरोध जताते हुए मारपीट कर फायरिंग शुरू कर दी। मारपीट व फायरिंग में गौरव व सौरभ दोनों भाई घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष के उपेन्द्र त्यागी पुत्र रौहताश त्यागी ने आरोप लगाते हुए बताया कि गांव के ही एक पक्ष ने घर में घुसकर मारपीट कर दी। मारपीट में उपेन्द्र भी घायल हो गया। घायल हुए सौरभ और गौरव दोनों भाइयों ने रिटायर्ड फौजी उपेंद्र पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। उपेंद्र रिटायर्ड फौजी है। फिलहाल परिजनों के साथ गांव में ही रहता है। उधर गांव में भारी पुलिस बल तैनात है। सीओ दिलीप सिंह, थाना प्रभारी संजेश कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। सीओ दिलीप सिंह ने बताया कि घटना की तहरीर प्राप्त कर ली गई है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाए हैं। मामले की जांच की जा रही है। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। मामले में कार्रवाई की जा रही है, वही एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने स्याना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना व घटना की जानकारी ली।
